प्रत्येक परिवार को पोषण वाटिका तैयार करना चाहिए: रत्नेश छः दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, प्रमाण पत्र वितरित
मुकेश कुमार बाजपाई संवाददाता थाना क्षेत्र रामसनेहीघाट
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। बच्चों की परिवरिश, उनकी शिक्षा और विकास का सम्पूर्ण दायित्व माताओं पर रहता है, एक जागरूक माता अपने बच्चे का समुचित पोषण और देखभाल कर पाती है। जिस परिवार में माताएं जानकर नही हैं उस परिवार में समस्याएं ज्यादा आती हैं। यह विचार प्रेस क्लब के अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की नई रोशनी योजनान्तर्गत बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा बनीकोडर के ग्राम भुडेहरी में आयोजित छह दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण के दूसरे बैच के समापन अवसर पर प्रमाण पत्र वितरण के दौरान व्यक्त किये। इस मौके पर संस्थान के अध्यक्ष व चाइल्ड लाइन के निदेशक ने कहा कि खान-पान एवं पोषण सेवाओं की उपलब्धता से महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में सुधार होगा, पोषण स्तर सुधारने के लिए प्रत्येक परिवार को पोषण वाटिका तैयार करना चाहिए जिससे बिना रासायनिक प्रयोग वाली ताजे फल व सब्जियां मिल सकें। रत्नेश कुमार ने सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभगियों को मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए धन्यवाद दिया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोन कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रशिक्षण पूर्ण करने के लिए सभी को बधाई दी, और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। यूनिसेफ एक्शन एड की जिला समन्वयक सबा फातिमा ने प्रतिभागियों को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाएं बताया और सभी को आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। ग्राम प्रधान श्रीमती मुसीदा खातून ने प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया, कहा कि हमारे गांव की महिलाओं को इस प्रशिक्षण से बहुत ज्ञान मिला है। प्रशिक्षक जियालाल, अंजली जायसवाल, वन्दना ने बताया कि छह दिनों में बेहतर स्वास्थ्य, परिवार सुरक्षा, परिवार कल्याण और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में प्रतिभागियों को बताया गया है, जो काफी हद तक महिलाओं ने समझा है। सीखी गई बातों को व्यवहार में लाने के लिए प्रशिक्षण के बाद भी फालोअप किया जायेगा। प्राथमिक विद्यालय भुडेहरी के प्रभारी अध्यापक सुनील कुमार, आंगनवाड़ी कार्यकत्री संतोष कुमारी ने भी प्रतिभागियों को आत्म निर्भर बनने के लिए सम्बोधित किया। स्वयं सहायता समूहों की ग्राम संगठन की अध्यक्ष किरण ने भी स्वयं सहायता समूहों के द्वारा आत्म निर्भर बनने की योजनाओं के बारे में बताया। प्रतिभागी शबनम बानो, महक परवीन, किरन, जेबा, रूबी, गुलशन बानो आदि ने प्रशिक्षण को अपने जीवन का अहम दिन बताया। इस अवसर अवधेश कुमार, अखिलेश कुमार, राम कैलाश आदि लोगों का प्रशिक्षण सम्पन्न कराने में योगदान रहा।
मुकेश कुमार बाजपाई संवाददाता थाना क्षेत्र रामसनेहीघाट

