कानपुर यशोदा नगर के गोपाल नगर निवासी युवक अपनी ताई के अंतिम संस्कार में मिश्रा कॉलोनी श्मशान घाट आया था। गंगा में हाथ धोने के दौरान पैर फिसलने से वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दो युवक गंगा में कूद गए मगर वह भी डूबने लगे। गोताखोर और पंडों की मदद से दो युवकों को तो निकाल लिया गया, जबकि मृतका के भतीजे की डूबने से मौत हो गई।
गोपाल नगर निवासी विष्णु गुजराती की पत्नी चंदा (65) की मौत हो गई थी। रिश्तेदार और पड़ोसी मिश्रा कॉलोनी घाट पर अंतिम संस्कार के लिए आए थे। कर्मकांड के बाद सभी विशुन घाट स्नान करने पहुंचे। हरी पंडा ने घाट पर कगार होने से सभी को आगे जाकर नहाने को कहा। इस बीच चंदा के भतीजे वीरू गुजराती (35) पुत्र खानू सीढि़यों पर बैठकर हाथ धोने लगा। पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथी सुरेश और उसका भतीजा मंगल उसे बचाने गंगा में कूद गए पर वे भी डूबने लगे।
घाट पर मौजूद विष्णु पंडा, गोताखोर अकील, सालिम हुसैन, मुस्लिम ने सुरेश और मंगल को तो किसी तरह बाहर निकाला मगर वीरू डूब गया। कुछ देर बाद उसका शव मिला। उसे कानपुर के नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर चौकी इंचार्ज अबु मोहम्मद कासिम मौके पर पहुंचे और जांच की। मौत की खबर पर पत्नी संतोष का रो रो-कर बुरा हाल रहा। उसके एक आठ, पांच और दो माह की तीन बेटियां हैं।

