सीएमओ ने दिखाई रैली को हरी झण्डी राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम की हुई तैयारी
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
बाराबंकी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के सफलता हेतु जनमानस में जागरूकता पैदा करने हेतु एक विशाल रैली केडी सिंह बाबू स्टेडियम से मेयो मेडिकल कालेज के छात्र-छात्राओं के साथ निकाली गयी। रैली का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमेश चन्द्र ने फीता काटकर व हरी झण्डी दिखाकर किया। रैली में जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मेयो मेडिकल कालेज के छात्र-छात्राओं व स्टाफ ‘एक भी बच्चा छूटा-सुरक्षा चक्र टूटा’ के नारे के साथ व अपने अपने हाथों में स्लोगन लिये तख्तियों के साथ तथा बैण्ड टीम द्वारा ‘‘सारे जहाँ से अच्छा, हिन्दोस्तान हमारा’’ की धुन के साथ रैली में चार चांद लगाये आगे बढ़ रहे थे। रैली स्टेडियम से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए जिला महिला चिकित्सालय, बाराबंकी पर एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गयी। रैली का नेतृत्व मेयो मेडिकल कालेज के प्राचार्य श्री आलम द्वारा किया जा रहा था। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 0-5 से वर्ष के जिन बच्चों को आच्छादित किया जाना है उनकी संख्या 552113 है इनके हेतु 1485 बूथ बनाये गये है। इन बूथों के पर्यवेक्षण हेतु 348 पर्यवेक्षक लगाये गये है। इसी प्रकार घर-घर भ्रमण हेतु 1113 टीम एवं 104 ट्राजिट टीम बनायी गयी है। इनके पर्यवेक्षण हेतु 342 पर्यवेक्षकों को लगाया गया है तथा उन्होनें बताया कि हमारे देश को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, जोकि हमारे अथक प्रयासों से ही संभव हो पाया है किन्तु अभी भी हमारे पड़ोसी मुल्को की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इसलिए हमारे संतर्क रहने की आवश्यकता है और पूरी जिम्मेदारी के साथ हमें इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। बच्चा अपाहिज बनकर जिये, इससे बेहतर है कि हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाये तथा टीकाकरण भी कराकर इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर समस्त अपर, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, डा0 के0एन0एम0 त्रिपाठी, डा0 राजीव सिंह, डा0 महेन्द्र सिंह, यूनीसेफ के नितिन खन्ना, डब्ल्यू0एच0ओ0 के डा0 उपान्त आदि उपस्थित रहे तथा रैली की व्यवस्था फाइलेरिया निरीक्षक के0के0 गुप्ता द्वारा किया गया।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी

