लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई सन्देश में समस्त शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी तथा देश की एकता और अखण्डता को बनाये रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का अवसर हमें स्वयं को सौहार्द, शांति तथा भाईचारा कायम करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों से प्राप्त अनुभवों तथा चिन्तन की समृद्ध विरासत से प्रेरणा प्राप्त कर देश एवं प्रदेश के विकास में सहयोग करना चाहिए।

