कर्ज से परेशान होकर कासगंज के युवक ने की थी आत्महत्या।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
उझानी। छतुइया फाटक के पास मंगलवार पूर्वाह्न ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले अज्ञात युवक की शिनाख्त राकेश कुमार के रूप में हो गई है। वह कासगंज जिले में सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव रामताल का निवासी था। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि राकेश कर्ज की वजह से परेशान था। आठ दिन बाद ही उसकी छोटी बहन की शादी है। मृतक के भाई अवधेश के मुताबिक- बहन की शादी का सामान खरीदने के लिए वह मां और रिश्तेदार के साथ उझानी आया था। उसी दौरान राकेश अचानक कहीं चला गया। खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं लगा तो वह देर शाम कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात शव बरामद होने के बारे में अवगत कराया। फोटो देखकर अवधेश ने उसकी राकेश के रूप में शिनाख्त कर ली। अवधेश ने बताया कि राकेश ने घरेलू और कृषि कार्य के लिए गांव के कुछ लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज की वजह से वह तनाव में रहने लगा था।
बता दें कि राकेश का शव कोतवाली पुलिस ने मंगलवार पूर्वाह्न छतुइया रेलफाटक के पास से बरामद किया था। उस वक्त चश्मदीदों ने पुलिस को यह भी बताया था कि युवक खुद ही ट्रेन के इंजन के आगे कूद पड़ा था। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि मृतक के भाई समेत अन्य परिजनों ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है कि राकेश पर कर्ज किन लोगों का और कितना था। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

