दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए बधिर से मांगे गए 25 हजार, जांच शुरू।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूं। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार बार-बार सामने आ रहा है, लेकिन कभी ठोस कार्रवाई नहीं होती। ताजा मामला दिव्यांग प्रमाण पत्र के नाम पर 25 हजार वसूली का है। शासन स्तर तक शिकायत पहुंचने के बाद मामले में जांच शुरू हो गई है। सोमवार को सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कप्तान सिंह ने शिकायत करने वाले तीन लोगों के लिखित बयान दर्ज किए। संबंधित डॉक्टर से पक्ष मांगा गया है। दातागंज के गांव सादुल्लागंज निवासी विजय पुत्र मंतेराम बधिर हैं। विजय ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। विशेषज्ञ डॉक्टर की रिपोर्ट के बाद दिव्यांग प्रमाण पत्र सीएमओ जारी करते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर जांच-पड़ताल के बाद पुष्टि करता है कि संबंधित आवेदक कितना अक्षम है। विजय अपनी पत्नी नीरज और साले विनोद के साथ 18 मई को जिला अस्पताल पहुंचे। नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ (ईएनटी) डॉ. ए सिद्दीकी को जांच के बाद अपनी रिपोर्ट देनी थी कि विजय बधिर है या नहीं या वह कितना सुन सकता है। आरोप है कि यहां रिपोर्ट लगाने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की गई। इसकी शिकायत अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई न होने पर विजय ने शिकायत शासन स्तर पर की, इसके बाद सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने जांच शुरू की। सोमवार को विजय, नीरज और विनोद ने सीएमएस कार्यालय पहुंच कर लिखित बयान दर्ज कराए। उनका कहना है कि डॉक्टर के कक्ष में जिस कर्मचारी ने उनसे रुपयों की मांग की उसका वह नाम नहीं जानते, लेकिन सामने आने पर पहचान लेंगे।—————–
इमरजेंसी स्टाफ पर भी लगते रहे हैं आरोप
भाजपा के स्थापना दिवस पर जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, शहर विधायक महेश गुप्ता के साथ कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता जिला अस्पताल में रोगियों को फल बांटने पहुंचे थे। उनके सामने ही इमरजेंसी में एक महिला ने स्टाफ पर रुपये मांगने का आरोप लगाया था। महिला ने भाजपाइयों को भी खरी-खरी सुनाई थी कि आपकी सरकार में यह हो रहा है। सीएमएस ने इस मामले में भी कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन दो महीने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
विजय नामक एक व्यक्ति ने दिव्यांग प्रमाण पत्र के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। मामले में जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता तीन लोगों के लिखित बयान दर्ज कर लिए गए हैं। संबंधित डॉक्टर से भी उनका पक्ष मांगा गया है।
-डॉ. विजय बहादुर राम, सीएमएस
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

