मूसाझाग थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने घर में नकब लगाकर लाखों का माल उड़ाया।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
मूसाझाग थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद इलाके में दहशत, रिपोर्ट दर्ज नहीं
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने मंगलवार रात घर में नकबजनी करके वहां रखी नकदी समेत लाखों के जेवरात पार कर दिए। दूसरे दिन बुधवार भोर में घटना की जानकारी होने पर पीडित ने पुलिस को सूचना दी। जबकि दोपहर को थाने में तहरीर भी दी गई है। हालांकि देर शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव औरामई की है। यहां रहने वाले शंकर सिंह खेती किसानी करते हैं। मंगलवार रात वह दुधारू जानवरों के लिए खेत में बोई चरी की रखवाली को गए थे। जबकि उनका बेटा रामौतार गन्ने की रखवाली को खेत पर गया था। जबकि छोटा बेटा कौशल छत पर सो रहा था। वहीं परिवार की महिलाएं व बच्चे गर्मी के कारण आंगन में नींद ले रहे थे। बताया जाता है कि शंकर सिंह का घर गांव के बाहरी हिस्से में खेतिहर इलाके में बना हुआ है। घर के पीछे भी खेत है। इसी खेत में चोर पहुंचे और आधी रात को नकब लगाकर दीवार के जरिये भीतर घुस गए।
पीडित के मुताबिक घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने वहां रखी अलमारी का ताला तोड़ लिया। जबकि इसके बाद वहां रखे 1.40 लाख कैश समेत सोने की दो जंजीर, दो जोड़ी झाले, तीन जोड़ी पायजेब, दो अंगूठी व एक खड़ुआ पार कर दिए। रामौतार दूध का कारोबार करता है। ऐसे में गांव के पशु पालकों से दूध लेने के बाद वह उन्हें पर्ची भी देता है। इस पर्ची पर हिसाब का लेखाजोखा होता है। बुधवार भोर में कौशल यही पर्ची घर के भीतर बने कमरे में लेने घुसा तो उसे घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने भी घटनास्थल का मुआयना किया लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई है। इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

