पोषाहार पर डाका: डीएम ने जंगल में दफन कराईं कई बोरियां, चोरी करते तीन गिरफ्तार, दो फरार।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

एक साल पहले एक मकान से पोषाहार बरामद हुआ था। दस जून को डीएम के आदेश पर खाद्य विभाग की टीम ने पोषाहार को जंगल में दफन करा दिया था।

बदायूं। बिसौली डीएम के आदेश पर दफन कराए गए पोषाहार को चोरी करते तीन लोग पकड़े गए जबकि दो लोग भागने में सफल रहे। पुलिस ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनके पास से एक लोडर(वाहन) पकड़ा गया है। जिससे कई बोरी पोषाहार बरामद हुआ है।
बिसौली कस्बे के एक मकान से करीब एक साल पहले पोषाहार पकड़ा गया था। इसमें मकान मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। एक व्यक्ति को इसमें जेल भी भेजा गया था। तब से पोषाहार उस मकान में रखा हुआ था। दस जून को डीएम के आदेश पर खाद्य विभाग की टीम ने बिसौली पहुंचकर पोषाहार को रानेट के जंगल में ले जाकर जमीन में दफन करा दिया था। बताते हैं कि इसके बारे में आसपास गांव के लोगों को जानकारी थी। तब वह चोरी छिपे पोषाहार निकालकर ले जा रहे थे। मंगलवार दोपहर बाद पांच लोग एक लोडर लेकर रानेट के जंगल में पहुंच गए। उन्होंने पोषाहार निकालने के लिए गड्ढा खोद डाला और उसमें दबी बोरियों को निकालकर वाहन में लाद लिया। इसी दौरान पुलिस को किसी ने सूचना दे दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां से तीन लोगों को पकड़ लिया जबकि दो लोग भाग गए। पुलिस लोडर वाहन लेकर कोतवाली आ गई। उसमें कई बोरियां लदी मिली हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसमें दो आरोपी रानेट गांव के हैं।

रानेट चौराहे से कुछ लोगों को दफन पोषाहार निकालते पकड़ा गया है। उनके पास से एक गाड़ी बरामद हुई है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसकी जांच कराई जा रही है। – शक्ति सिंह, सीओ बिसौली

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!