हाईवे पर लोडर में भिड़ी कार, दंपति व बेटे समेत पांच घायल

 उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सड़क पर खड़े होकर सवारियां उतार रहे लोडर में पीछे से तेज रफ्तार कार आ भिड़ी। हादसे में लोडर चालक और कार सवार दंपति व बेटे समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

लखनऊ कानपुर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे लखनऊ से कानपुर की ओर एक लोडर जा रहा था। चालक सोहरामऊ थाना क्षेत्र में आशा खेड़ा गांव के पास लोडर को सड़क पर खड़ा कर सवारियां उतार रहा था। इसी दौरान कानपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार लोडर में भिड़ गई। हादसे में कानपुर के यशोदा नगर निवासी लोडर चालक नवनीत कुमार तिवारी (52) और लखनऊ से डिफेंस एक्सपो देकर लौट रहे कार पर सवार कानपुर के कृष्णानगर रामादेवी निवासी हिंदुस्तान एरोनेटिकल्स लिमिटेड कर्मी राजेश गुप्ता (32) उनकी पत्नी अनुप्रिया (30) बेटा रजनीश (16) और कार चला रहे कल्याणपुर कानपुर निवासी मनोज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर सोहरामऊ थानाध्यक्ष उरेश सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में नवनीत की हालत गंभीर है। घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

Don`t copy text!