अकबरपुर का बस स्टेशन क्षेत्र बना शराबियों, शोहदों व अराजकतत्वों का अड्डा

अकबरपुर के संभ्रान्तजन, महिलाओं, युवतियों, सीधे-सादे युवाओं का घर से बाहर निकलना हुआ दूभर
शराबियों, शोहदों की सक्रियता से बस स्टेशन और डाकबंगला क्षेत्र बना काफी संवेदनशील

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर शहर के बस स्टेशन (गाँधीनगर), टाण्डा रोड, पी.डब्ल्यू.डी. कार्यालय, डाकबंगला, बैंक ऑफ इण्डिया, क्वालिटी बेकर्स, स्पाइसी बाइट निकट कैनरा बैंक, अकबरपुर खण्ड विकास कार्यालय, पुराना सी.एम.ओ. कार्यालय, महानगर कॉलोनी मोड़, अकबरपुर विद्युत वितरण खण्ड कार्यालय के इर्द-गिर्द अराजकतत्वों का जमावड़ा देर शाम तक देखा जाता है। शराब के नशे में ये तत्व अगल-बगल कॉलोनियों में निवास करने वालों के लिए सिर दर्द बने हुए हैं। उक्त क्षेत्रों में सड़क की पटरियों पर ठेले पर लगने वाली अण्डा, ऑमलेट, बिरयानी, चाट, भेलपुरी, एगरोल, मोमोज़ आदि फास्टफूड की दुकानों के इर्द-गिर्द शराबियों का जमघट लगा रहता है। पी.डब्ल्यू.डी. कार्यालय गेट के अगल-बगल अवस्थित जलपान, गुटखा-पान, अण्डा आमलेट की दुकानों पर गजेड़ियों, शराबियों और लफंगों के जमावड़े और इनके द्वारा कसी जाने वाली फब्तियों से कॉलोनियों में निवास करने वाले संभ्रान्त जन महिलाएँ, बच्चे, युवतियाँ मुख्य सड़क मार्ग पर आने से कतराने लगी हैं। इनका आरोप है कि ये लोग अश्लील टिप्पणियाँ करते व फब्तियाँ कसते हैं और प्रतिरोध करने पर गाली-गलौज करते हैं। इनकी हरकतों से सभी लोग भयाक्रान्त हैं। शाम होते ही निकटवर्ती इलाकों की रिहायशी कॉलोनियों के लोग खरीदारी करने हेतु मार्केट निकलने से कतराने लगे हैं। इनको हमेशा यह भय बना रहता है कि कहीं उन्हें अण्डा, ऑमलेट, एगरोल, कबाब, बिरयानी, चाट, जलपान, चाय के ठेलों के इर्द-गिर्द एकत्र शोहदों की अश्लील टिप्पणियों और फब्तियों का शिकार न होना पड़े।

Don`t copy text!