माफिया का गठजोड़ सुरसा की तरह मुंह बाये सरकारी जमीनों को निगल रहा…..

शान्ती देवी अवधेश वर्मा एसएम न्यूज़24टाइम्स विशेष संवाददाता मसौली जनपद बाराबंकी 8707331705

मसौली बाराबंकी । खाकी ,खादी और तहसील प्रशासन से भू- माफिया का गठजोड़ सुरसा की तरह मुंह बाये सरकारी जमीनों को निगल रहा है । जिला मुख्यालय से सटे सभी ग्राम पंचायतों मे अवैधानिक तरीके से प्रापर्टी डीलरों का साम्राज्य फैला है । इन ग्रामों मे अधिकांश सरकारी भूमि पर ये भू-माफिया कब्जा कर चुके हैं । अपनी हो चुकी इन जमीनों को विस्तार देने के लिए यह भू माफिया जब पास पड़ोस के काश्तकारों पर जबरन भूमि बेचने का दबाव डाल कर उनकी जमीनों को हड़पने लगते हैं तब प्रापर्टी डीलरों का खेल प्रकाश मे आता है ।

परगना प्रतापगंज के ग्राम जलालपुर का यह मामला प्रापर्टी डीलरों के खेल की मात्र बानगी भर है । इस ग्राम के सुनील कुमार द्वारा उप जिलाधिकारी नवाबगंज को दिये गये प्रार्थनापत्र के अनुसार ग्राम जलालपुर की भूमि गाटा सं• 120 रकबा •687 हे• पशुचर भूमि के खाते मे सुरक्षित दर्ज है । उक्त भूमि पर मोहम्मद इकबाल पुत्र अज्ञात व इकबाल का पुत्र तथा स्थानीय निवासी राधेश्याम पुत्र राम उजागर उक्त जमीन को बेचने के लिए प्लाटिंग का काम कर रहे हैं । इन प्रापर्टी डीलरों ने पशुचर हेतु सुरक्षित उक्त भूमि पर अवैधानिक तरीके से रास्ता पाट कर एक पक्का कमरा भी बना रखा है । प्रार्थनापत्र मे कहा गया है कि मोहम्मद इकबाल आदि द्वारा की जा रही उक्त प्लाटिंग के बीच मे उसकी भूमि गाटा सं• 108 स्थित है जिसे येन केन प्रकारेण हथियाने के लिए उक्त प्रापर्टी डीलर कुचक्र रच रहे हैं । गत 20 मई को दोपहर करीब 12 बजे प्रापर्टी डीलर मो• इकबाल आदि उसकी भूमि पर आये जाति सूचक अपमान जनक गालियां दीं तथा धमकी दी कि यह जमीन हमारे हाथ बेच दो नही तुम्हारी हत्या करके लाश तालाब मे फिकवा देगें । सुनील ने घटना के संबंध मे थाने पर प्रार्थनापत्र दिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज होना तो दूर सुनवाई तक न हुई । उक्त प्रापर्टी डीलर जबरन जमीन बेचने के लिए सुनील पर बेजा दबाव डाल रहे हैं तथा जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं । गौरतलब है कि सुनील द्वारा उप जिलाधिकारी नवाबगंज को दिये प्रार्थनापत्र पर सासंद उपेन्द्र सिंह रावत ने तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है किन्तु राजस्व और पुलिस प्रशासन ने सासंद के आदेश को भी धता बता दिया । प्रापर्टी का अवैध कारोबार करने वाले डीलरों के सिर पर जिले के एक कद्दावर नेता का वरद-हस्त है । जमीन की खरीद-फरोख्त और सरकारी जमीनों को हड़पने के खेल मे इतनी अकूत आमदनी है कि तहसील के कारकुन और खाकी इनके इशारों पर नाचते हैं ।

शान्ती देवी  अवधेश वर्मा एसएम न्यूज़24टाइम्स विशेष संवाददाता मसौली जनपद बाराबंकी 8707331705

 

Don`t copy text!