लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के छठवें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अब तक 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया
30 अप्रैल को 06 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
लोकसभा क्षेत्र सुल्तानपुर में 01, प्रतापगढ़ में 01, अम्बेडकरनगर में 01, श्रावस्ती में 01, आजमगढ़ में 01, जौनपुर में 01 प्रत्याशी ने किया नामांकन
292-गैंसड़ी विधानसभा उप निर्वाचन के लिए अब तक नामांकन शून्य रहा
छठें चरण 06 मई नामांकन की अंतिम तिथि, 25 मई को होगा मतदान
लखनऊ प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च, 2024 को लोकसभा निर्वाचन की तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त, प्रलोभनमुक्त, समावेशी व सुरक्षित मतदान कराने की प्रक्रिया संचालित है। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के छठवें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों तथा 292-गैंसड़ी विधानसभा उप निर्वाचन-2024 के लिए 29 अप्रैल, 2024 (सोमवार) को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अब तक 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इन क्षेत्रों में 30 अप्रैल को 06 प्रत्याशियों ने तथा इसके पहले 04 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। बलरामपुर जनपद की 292-गैंसड़ी विधानसभा उप निर्वाचन-2024 के लिए अब तक नामांकन शून्य रहा। नामांकन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे के मध्य किये जा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि छठवें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 30 अप्रैल को जिन 06 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, उसमें :-
38-सुल्तानपुर लोकसभा सीट के लिए सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी से जय प्रकाश ने नामांकन किया।
39-प्रतापगढ़ लोकसभा सीट के लिए सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी से जोखू ने नामांकन किया।
55-अम्बेडकरनगर लोकसभा सीट के लिए समाजवादी पार्टी से लालजी वर्मा ने नामांकन किया।
58-श्रावस्ती लोकसभा सीट के लिए समाजवादी पार्टी से राम शिरोमणि वर्मा ने नामांकन किया।
69-आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) से अनिल कुमार चौहान ने नामांकन किया।
73-जौनपुर लोकसभा सीट के लिए समाज विकास क्रांति पार्टी से अशोक कुमार ने नामांकन किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के छठवें चरण की 14 लोकसभा सीटों तथा 292-गैंसड़ी विधानसभा उप निर्वाचन-2024 के लिए नामांकन भरने की अंतिम तिथि 06 मई, 2024 (सोमवार) निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 07 मई (मंगलवार) को की जायेगी। 09 मई, 2024 (गुरूवार) को अपराह्न 03 बजे तक नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। इसके उपरान्त इन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची अन्तिम हो जायेगी। छठवें चरण का मतदान 25 मई, 2024 (शनिवार) को सम्पन्न होगा। उत्तर प्रदेश के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की 04 जून, 2024 (मंगलवार) को मतगणना की जायेगी।
उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी है। सम्पूर्ण नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी जा रही है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा सुरक्षा हेतु तैनात पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिये गये है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 हेतु सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी को 25,000 रुपये तथा अनु0जाति/अनु0जनजाति के प्रत्याशी को 12,500 रुपये जमानत धनराशि जमा करनी होगी। विधानसभा उप चुनाव के लिए सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी को 10,000 रुपये तथा अनु0जाति/अनु0जनजाति के प्रत्याशी को 5000 रुपये जमानत धनराशि जमा करनी होगी। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय/राज्यीय दलों के प्रत्याशियों को निर्वाचन क्षेत्र का एक निर्वाचक प्रस्तावक के रूप में तथा रजिस्ट्रीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दल एवं निर्दलीय प्रत्याशियों को 10 प्रस्तावक की आवश्यकता होगी।
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्येक प्रत्याशी के लिए व्यय की अधिकतम सीमा 95 लाख रुपये तथा विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्येक प्रत्याशी के लिए व्यय की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये निर्धारित है। नामांकन के समय रिटर्निंग ऑफिसर/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय के 100 मीटर की परिधि के भीतर अधिकतम 03 वाहन तथा प्रत्याशी सहित अधिकतम 05 व्यक्तियों के प्रवेश की अनुमति होगी। राजनीतिक दलों द्वारा खड़े किये गये उम्मीदवारों को फार्म-ए तथा फार्म-बी नामांकन की अंतिम तिथि 06 मई, 2024 (सोमवार) को अपराह््न 03 बजे तक दाखिल करना होगा।

