हैदराबाद के थाने में केस दर्ज

हैदराबाद । लोकसभा चुनाव के दौरान हैदराबाद से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कैंडिडेट माधवी लता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वे पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए बैठी महिलाओं के वोटर आईडी चेक करती दिख रही हैं। इस दौरान माधवी महिलाओं से उनका बुर्का हटवाकर भी देख रही हैं। वीडियो हैदराबाद के पुराने शहर के एक पोलिंग बूथ का बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद माधवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले पर हैदराबाद कलेक्टर ने कहा है कि माधवी लता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटना पर माधवी लता की सफाई भी सामने आई है। उन्होंने कहा है कि मैं प्रत्याशी हूं और कानून के मुताबिक मुझे अपने क्षेत्र के मतदाताओं के वोटर आईडी कार्ड और उन्हें फेस मास्क के बिना देखने का अधिकार है। मैं पुरुष नहीं महिला हूं। मैंने उस महिला से काफी विनम्रता के साथ निवेदन किया। मैंने महिला से कहा कि क्या मैं आईडी कार्ड के साथ आपको भी देख सकती हूं। अगर कोई घटना को बड़ा मुद्दा बनाना चाहता है, तब इसका मतलब साफ है कि वह डर रहा है। इसके पहले माधवी आजमपुर में मतदान केंद्र संख्या 122 के दौरे पर पहुंची थीं। यहां उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाकर कहा था कि कई मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मी बहुत सुस्त लग रहे हैं, वे सक्रिय नहीं हैं। वे कुछ भी जांचनहीं कर रहे हैं। यहां वरिष्ठ नागरिक मतदाता आ रहे हैं, लेकिन उनका नाम सूची से हटा दिया गया है। उनमें से कुछ गोशामहल के निवासी हैं, लेकिन उनके नाम रंगारेड्डी की सूची में जोड़ दिए गए हैं। बता दें कि चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें हैदराबाद की अहम सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं। यहां से बीजेपी ने माधवी को मैदान में उतारा है। वहीं एआईएमआईएम चीफ और मौजूदा सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने यहां से मोहम्मद वलीउल्लाह समीर को अपना उम्मीदवार बनाया है।

