कैसरगंज संसदीय सीट में गोंडा की तीन व बहराइच जिले की दो विधानसभा सीटें आती हैं। पांच में से चार सीटों पर भाजपा का कब्जा है। भाजपा के प्रत्याशी और उप्र कुश्ती संघ के अध्यक्ष करण कुश्ती के बाद राजनीति के अखाड़े में भी पिता बृजभूषण की छत्रछाया में जोरआजमाइश कर रहे हैं। पिता को लेकर विवाद और पुत्र की दावेदारी को लोग अपनी-अपनी तरह से देखते हैं। बेलसर कस्बे में शिक्षक रज्जन बाबा तो स्पष्ट कहते हैं कि ‘सांसदजी (बृजभूषण) का बड़ा बेटा प्रतीक भूषण गोंडा सदर से विधायक है और अब छोटा बेटा करण यहां से सांसद बनने जा रहा है। बृजभूषण के गोंडा, कैसरगंज में तमाम कालेज हैं। बच्चों को खेल व पढ़ाई में सांसदजी खूब प्रोत्साहित करते हैं। गरीब परिवार के बच्चों की फीस भी माफ कर देते हैं। राजनीति में बृजभूषण पहले भी विवादों में घिर चुके हैं, मगर हर बार वह विवादों की धूल झाड़-पोछकर मजबूती से खड़े भी हो जाते हैं।’ बेलसर ब्लाक के आजाद नगर बाजार में चाय पर चर्चा छिड़ी हुई थी। किसान सुरेश कुमार अयोध्या में दिव्य-भव्य राम मंदिर का बखान करते नहीं अघा रहे हैं। बोले ‘500 वर्षों की तपस्या पूरी हुई है, हम तो फूल वाली पार्टी को ही वोट देंगे।’ श्रीराम मंदिर की दिव्यता का वर्णन कर उन्होंने आंख खोली तो सामने चाय की प्याली थी।
Related Posts

