यूपी: पूरे प्रदेश में प्रचंड गर्मी, दोपहर में आगरा और झांसी का पारा 47 के पार, इन जिलों में रेड अलर्ट

यूपी में प्रचंड गर्मी का दौर चल रहा है। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू चल रही है। आगरा और झांसी का तापमान दोपहर दो बजे ही 47 डिग्री के पार हो गया है। पूरा यूपी गर्मी और लू की चपेट में है। नौतपा लगने के बाद पारा लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार को दोपहर दो बजे ही आगरा और झांसी का तापमान 47 के पार हो गया। इसमें और बढ़ोत्तरी भी हो सकती है। इधर राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर 12 बजे से ही तापमान 43 पार कर गया। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के कुछ जिलों में इस सीजन का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड हो सकता है। गर्मी से झुलसा देने वाले हालात पूरे उत्तर प्रदेश में हैं। रविवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में चढ़ा हुआ पारा प्रचंड गर्मी का अहसास करा रहा था। झांसी 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक गर्म रहा। जबकि आगरा में पारा 46.8 और कानपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश के मुताबिक मंगलवार से मौसम में मामूली बदलाव होने की उम्मीद है।

Don`t copy text!