दुनिया भर में डाक्टरों और नर्सों के बीच तेज़ी से फैल रहा है कोरोना, इटली में 100 से अधिक डाक्टरों ने गवांई जान!
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर टेडरोसेस एडहनोम का कहना है कि कोरोना वायरस तेज़ी से मेडिकल कैडर के बीच फैल रहा है और कुछ देशों ने तो अपनी रिपोर्टों में बताया है कि कुल संक्रमितों में दस प्रतिशत चिकित्सा कर्मी हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति के कारण मेडिकल स्टाफ़ के बीच सारी दुनिया में चिंता बढ़ती जा रही है। मेडिकल स्टाफ़ कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में फ़्रंटलाइन पर है वह संक्रमण के आरंभिक चरण से बीमारों की देखभाल शुरू करता है और आख़िर में बीमार के स्वस्थ्य हो जाने या दम तोड़ देने तक यह देखभाल जारी रहती है।
हेल्थ सेक्टर में काम करने वाले डाक्टरों, नर्सों तथा दूसरे चिकित्सा कर्मियों में अच्छी ख़ासी संख्या उन लोगों की है जो कोरोना से संक्रमित होकर हताहत हो गए या क्वैरंटाइन में गए। कारण यह है कि वह हमेशा कोरोना वायरस के क़रीब रहते हैं।
अब तक कोरोना से इटली में ही 100 से अधिक डाक्टरों की मौत हो गई जबकि दूसरे देशों में भी दर्जनों की संख्या में डाक्टर और अन्य चिकित्सा कर्मी निशाना बने हैं।

