तेल की जंग शुरू होने से ठीक पहले पुतीन और बिन सलमान की हुई थी तेज़ बहस, ऊंची हो गई थी दोनों की आवाज़, बिन सलमान ने दी थीं धमकियां!
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
तेल के बाज़ारों में क़ीमतों की जंग शुरू होने और तेल की क़ीमतें बुरी तरह गिरने से ठीक पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान के बीच बहुत तेज़ बहस हो गई थी।
ब्रिटिश वेबसाइट मिडिल ईस्ट आई में डेविड हर्स्ट ने लिखा है कि 6 मार्च को ओपेक प्लस बैठक से पहले पुतीन से टेलीफ़ोनी वार्ता में मुहम्मद बिन सलमान बहुत आक्रामक थे। हर्स्ट का कहना है कि बिन सलमान ने पुतीन को धमकियां दीं और कहा कि अगर तेल का उत्पादन कम करने पर सहमति न बन पाई तो सऊदी अरब तेल के बाज़ार को अतिरिक्त सप्लाई से भर देगा।
वेबसाइट के अनुसार दोनों ही नेताओं की आवाज़ ऊंची हो गई थी। पुतीन ने धमकी को पूरी तरह ख़ारिज कर दिया था और टेलीफ़ोन वार्ता बहुत बुरे प्वाइंट पर ख़त्म हुई।
यह वार्ता अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उनके सलाहकार जेर्ड कुशनर की कोशिशों से हुई थी। तेल उत्पादन के मुद्दे पर सऊदी अरब और रूस के बीच कई महीनों से गहरा मतभेद चल रहा था।

