एकादशी मेले में श्रद्धालुओं ने सरसोता कुंड में स्नान कर पूजा अर्चना की और रंग गुलाल लगा कर होली खेली

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान। नगर के तीर्थस्थान सरसोता पर होली से पहले लगने वाले मेले में एकादशी पर श्रद्धालुओं ने सरसोता कुंड में स्नान कर पूजा अर्चना की और रंग गुलाल लगा कर होली की शुरुआत की।

मेले में लगने वाली दुकानों पर महिला, पुरुषों, बच्चों की खासी भीड़ रही। लोगों ने खेल खिलौनों, सौन्दर्य प्रसाधनों की जमकर खरीदारी की। वहीं बच्चों ने चाट पकौड़े और झूलों का आनंद लिया व खेल खिलौने, गुब्बारे आदि खरीदे। ग्रामीण परिवेश की महिलाओं, युवक, युवतियों ने अपने हाथ पर टैटू, नाम आदि गोदवाए। खजला, जलेबी और बेर की भी जम कर बिक्री हुई। मीना बाजार में महिलाओं ने खरीदारी की। कई स्थानों पर लोगों ने प्याऊ लगाई और लोगों को पानी पिला कर पुण्य लाभ कमाया।
बता दें कि ऐतिहासिक तीर्थस्थल सरसोता पर होली से पूर्व एकादशी का मेला लगता है। श्रद्धालु कुंड में स्नान करने के बाद मेले से रंग गुलाल की खरीदारी करते हैं और यहां स्थापित मंदिरों में देवी देवताओं की प्रतिमाओं को रंग लगा कर रंग खेलने की शुरुआत की जाती है। दूसरे दिन ग्रामीण परिवेश की महिलाएं यहां लगे मेले में सौंदर्य प्रसाधनों आदि की खरीदारी करती हैं। इधर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। इससे पूर्व रविवार शाम को तहसीलदार शर्मनानंद ने फीता काट कर मेले का शुभारंभ किया।‌ उन्होंने कहा कि मेले सभ्यता और संस्कृति के परिचायक होते हैं। इनके आयोजन से समाज में सौहार्द, भाईचारे की भावना बढ़ती है। साथ ही आयोजकों और पुलिस को मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर डॉ कैलाश चंद्र गुप्ता, मेलाअध्यक्ष शिवराज सिंह, प्रदीप शर्मा, हरविंदर प्रधान आदि मौजूद रहे।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!