बदायूं में सर्राफ की हत्या करने आए थे हरियाणा के चार बदमाश, मुठभेड़ में गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान चारों बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,सात दिन से कर रहे थे रेकी..
मुकीम अहमद अंसारी
बदमाशों के पास से चार तमंचे,कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो बाइक भी हुई बरामद
बदायूं।बगरैन में राजीव सर्राफा की हत्या की साजिश रच गई। इसके लिए बदमाश 10 जून से रेकी कर रहे थे।बुधवार सुबह पूरी तैयारी थी कि सराफ की हत्या कर उनसे लूट करनी है, लेकिन किसी एक व्यक्ति ने बदमाशों की बात को सुन लिया। समय रहते पुलिस को बता दिया,जिससे एक बड़ी घटना होने से बच गई।पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
वजीरगंज थाना पुलिस को रात करीब दो बजे सूचना मिली कि करेंगी गांव के पास अंडरपास के पास कुछ बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ अंडरपास पर पहुंच गए और घेराबंदी कर ली। तड़के करीब चार बजे बदमाश लूट को अंजाम देने के लिए सड़क से गुजरे तो पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपने बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों को गोली लगी। बदमाश की गोली से एक सिपाही हिमांक चौधरी भी घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम हरियाणा के सोनीपत निवासी प्रवीण, अंकित, सागर व प्रीतम उर्फ करमवीर बताया है। प्रवीण और अंकित के पैर में गोली लगी है। आरोपियों से चार तमंचे, कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद हुईं हैं।
*अंकित ने रची थी साजिश:-* पुलिस के मुताबिक बदमाश अंकित ने बताया कि बगरैन के सराफा व्यापारी राजीव के पास करोड़ों के जेवर हर समय उनके साथ रहते हैं।दुकान पर जब आते हैं तो करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवर उनकी स्कूटी में रहते हैं। वर्ष 2017 में उनसे लूट की लेकिन उसने बदमाशों के साथ मारपीट की थी। तब उनसे कुछ मात्रा में ही माल लूट सके थे। उसी दिन से ठान ली थी कि जिस दिन सराफा से लूट करेंगे तो पहले उसकी हत्या करेंगे, उसके बाद नकदी जेवर लूटेंगे।
इसी मंशा से अंकित अपने तीन साथियों को लेकर वजीरगंज थाना क्षेत्र में रुका हुआ था। रात को रेकी करता और राजीव के आने जाने का समय नोट कर रहा था।मंगलवार को यह साफ हो गया था कि राजीव करीब सात बजे बगरैन पहुंचेंगे। उससे पहले ही उनकी घेराबंदी का इंतजाम कर रहे थे।चारों बदमाश क्षेत्र के ऐसे स्थान पर थे जहां किसी को कोई भनक नहीं लग सकती।चारों करेंगी के पास रेलवे लाइन पर बने अंडरपास में छिपे हुए थे।
सुबह करीब चार बजे चारों बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर बगरैन आने को तैयार हुए लेकिन उससे पहले पुलिस उनके चारों ओर लगी हुई थी।मुठभेड़ के बाद चोरों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में बदमाश ने खुद ही इसका खुलासा किया है।एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने वजीरगंज पुलिस को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

