बसपा जिलाध्यक्ष को मिली हत्या की धमकी, व्हाट्सएप ग्रुप सहित 10 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा,

मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं

बदायूं।बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी ने सोशल मीडिया पर झूठे आरोप लगाने,बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेश कुमार समेत आठ व्यक्तियों और एक व्हाट्सएप ग्रुप पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।यह मुकदमा सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जिलाध्यक्ष का कहना है कि बसपा की संगठनात्मक समीक्षा बैठकों के बाद निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है।इसी क्रम में 17 जून को दातागंज विधानसभा अध्यक्ष पद से राजेश कुमार को हटाकर अभिषेक भारती को नियुक्त किया गया था।
आरोप है कि पदमुक्त किए जाने से नाराज राजेश कुमार ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सोशल मीडिया के माध्यम से जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी को बदनाम करने की मुहिम चलाई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों ने फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर आपत्तिजनक,झूठे और मानहानिकारक पोस्ट साझा कीं।इसके अलावा 21 जून को मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उस कॉल की रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल की गई। जिलाध्यक्ष का कहना है कि वे न सिर्फ बीएसपी के संगठन में सक्रिय हैं, बल्कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और तथागत बुद्ध से जुड़े सामाजिक आंदोलनों में भी लंबे समय से कार्यरत हैं।साथ ही वे 23 वर्षों तक शासकीय अधिवक्ता सिविल रह चुके हैं।और उनके विरुद्ध आज तक कोई शिकायत नहीं रही।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर राजेश कुमार,राहुल जाटव उर्फ दबंग जाटव,जितेंद्र कुमार गौतम,रमेश कुमार, अमोद भारती,प्रभात आज़ाद, अरविंद, हरीश सागर, देवराज किंग और मैं भी कांशीराम बदायूं नामक व्हाट्सएप ग्रुप के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।सोशल मीडिया पोस्टों की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं

Don`t copy text!