मूसाझाग थाना पुलिस ने हत्या के आरोप पर अर्थी से उठाकर शव पोस्टमॉर्टम को भेजा..

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूं। मूसाझाग थानाक्षेत्र के गांव सिताबनगर निवासी एक विवाहिता की इलाज के दौरान मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई।विवाहिता के भाई ने मौत पर आशंका जताते हुए हत्या का आरोप लगाया। इसलिए पुलिस ने अर्थी पर रखे विवाहिता के शव को उठवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।बरेली के भुता थानाक्षेत्र के गांव चुर्रा सकतपुर के राजाराम ने बेटी आरती (25) की शादी करीब आठ साल पूर्व मूसाझाग के गांव सिताब नगर के अजीत से की थी। आरती के दो बच्चे हैं।

परिजनों ने बताया आठ दिन पहले उसे सर्दी जुकाम हो गया था। डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण में उसे डेंगू से ग्रसित बताया। इस पर परिजन उसे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उसे मेडिकल काॅलेज ले गए। यहां उसका इलाज चला। तीन जुलाई की रात मेडिकल काॅलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए।
ससुराल पक्ष ने मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी।शुक्रवार शाम मायके पक्ष के लोग भी आ गए।इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग आरती की अर्थी श्मशान भूमि ले जा रहे थे। इसी बीच आरती के भाई अनिल ने पुलिस को सूचना दी। उसने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर आई पुलिस ने दोनों परिवार के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। मूसाझाग एसओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि डायल 112 की शिकायत पर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई है।तहरीर पर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!