विधान परिषद विनियमन समीक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने समिति के मा0 सदस्यों के साथ जनपद में की विभागीय समीक्षा
शमीम अंसारी जैदपुर बाराबंकी
मा0जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर त्वरित कार्यवाही एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
बाराबंकी,08 जुलाई 2025-:उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद बाराबंकी में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति, जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों पर विभागीय कार्यवाही तथा जनता से जुड़े विकास कार्यों की स्थिति की गहन समीक्षा करना था।
मा0 अध्यक्षा के साथ समिति के माननीय सदस्य/सदस्य विधान परिषद श्री गोविंद नारायण शुक्ल, श्री अंगद सिंह, श्रीमती किरणपाल कश्यप तथा डॉ. रतनपाल सिंह भी जनपद दौरे पर साथ रहे। जनपद आगमन पर समिति का स्वागत कलेक्ट्रेट परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया, जिसके पश्चात जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी द्वारा समिति अध्यक्ष एवं सभी माननीय सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
लोकसभागार में हुई व्यापक समीक्षा बैठक
बैठक के दौरान जनपद के विभिन्न विभागों को संबोधित माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। साथ ही विधान परिषद में नियम 105, 110, 115, 111, 39, 39(क) व 223 के अंतर्गत पूछे गए प्रश्नों और सूचनाओं से संबंधित कार्यवाहियों का भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
समीक्षा के दौरान मा0 अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त पत्रों को गंभीरता से लेते हुए उन पर समयबद्ध, प्रभावी व पारदर्शी ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को की गई कार्यवाही से यथाशीघ्र अवगत कराना अनिवार्य है। उन्होंने शासन की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से जोड़ने पर बल दिया।
समीक्षा बैठक में समिति सदस्य एवं जनपद से विधान परिषद सदस्य श्री अंगद सिंह ने जिले में संचालित विकास कार्यों, ग्रामीण सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, युवा रोजगार, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इसके अतिरिक्त समिति के अन्य मा0 सदस्यगणो द्वारा भी विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए चाही गई सूचनाओं के सम्बंध में की गई कार्यवाहियों के सम्बंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर की गई कार्यवाहियों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने समिति को अवगत कराया कि जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशासन संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है और शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को प्रभावी ढंग से अमल में लाया जा रहा है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय द्वारा समिति को जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था एवं सामुदायिक भागीदारी के प्रयासों के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर अपराधों में की गई त्वरित कार्यवाहियों से भी अवगत कराया।
बैठक में समिति की अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी एवं अन्य सदस्यों द्वारा जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि बाराबंकी प्रशासन शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है, जो अनुकरणीय है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, समिति के अनुसचिव श्री अरुण प्रकाश शर्मा, प्रतिवेदक श्री सुधीर यादव, समीक्षा अधिकारी श्री मयंक यादव, अपर जिलाधिकारी(वि0रा0) श्री अरुण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
—

