अमर ज्योति कंपनी के निदेशकों पर बरेली में भी रिपोर्ट दर्ज,गैंगस्टर एक्ट लगाकर जब्त की जाएगी संपत्ति..
मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं
करोड़ों की ठगी करने के आरोपी सूर्यकांत मौर्य व शशिकांत मौर्य पर बरेली पुलिस ने भी शिकंजा कस दिया है।
बदायूं। अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड का दफ्तर खोलकर निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के आरोपी पूर्व भाजपा नेता सूर्यकांत मौर्य व उसके भाई शशिकांत पर अब दोतरफा शिकंजा कस गया है।बरेली में इनके खिलाफ ठगी की पहली रिपोर्ट बारादरी थाने में नगर निगम की महिला कर्मी ने कराई है।डीआईजी के मुताबिक, बरेली पुलिस दोनों भाइयों की हिस्ट्रीशीट खोलेगी।बदायूं पुलिस आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए संपत्तियां जब्त करेगी।दोनों भाइयों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
कटरा चांद खां निवासी विनीता मौर्य नगर निगम में कर्मचारी हैं।उन्होंने बारादरी थाना पुलिस को बताया कि अमर ज्योति लिमिटेड, अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड, अमर ज्योति हायर परचेज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड नाम की कंपनियों में सूर्यकांत, शशिकांत,श्रीकांत और उनके साथियों ने निवेशकों से आरडी,एफडी स्कीम में रुपये जमा कराए थे।विनीता से डेढ़ लाख रुपये जमाए कराए गए।
संपत्ति बेचने की फिराक में हैं आरोप:- पॉलिसी परिपक्व होने से पहले पता चला कि सूर्यकांत, शशिकांत, श्रीकांत और इनके गुर्गे कंपनी का दफ्तर बंद कर भाग गए हैं। बताया कि उन्हें यह भी पता लगा है कि ये लोग कंपनी की संपत्ति भी बेचने की फिराक में हैं। विनीता के मुताबिक, रुपये मांगने पर उन्हें धमकी मिल रही है। उन्हें फर्जी रसीदें थमाकर रकम हड़प ली गई है। विनीता की शिकायत पर एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों और उनके गुर्गों पर कार्रवाई करने की तैयारी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बढ़े आसार:- सूर्यकांत, शशिकांत और उनके गुर्गों पर बदायूं कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।बदायूं एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की थी।एसआईटी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।अब मामले में बरेली पुलिस की एंट्री हो गई है।सूत्रों के मुताबिक,बरेली पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।
सूर्यकांत और शशिकांत का घर बारादरी के कटरा चांद खां में है।इसी पते पर अमर ज्योति हायर परचेज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड कंपनी खोली गई थी।इस कंपनी ने भी लोगों को चूना लगाया है।स्थानीय मुखबिरों से बारादरी पुलिस को इनपुट मिल रहे हैं।माना जा रहा है कि दोनों भाइयों की बरेली पुलिस जल्द गिरफ्तारी कर सकती है।
डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने वालों पर किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।बरेली पुलिस दोनों भाइयों की हिस्ट्रीशीट खोलेगी तो बदायूं पुलिस गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति जब्त करेगी।
मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं

