बिसौली, बदायूं। भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम बालाजी बल्देवधाम, गुधनी में देखने को मिला। मंदिर प्रांगण में श्री हनुमानजी महाराज का भव्य श्रृंगार व चोला अर्पण संपन्न हुआ। मधुर भजनों और जयकारों से गूँजते पावन वातावरण में सुबह सात बजे से अखंड हनुमान चालीसा पाठ आरंभ हुआ, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालु भाव-विभोर होकर शामिल हुए। सुबह दस बजे से शाम तक बालाजी महाराज का दिव्य दरबार आयोजित किया गया, जिसमें भक्तों के संकट दूर किए गए। पूज्य गुरुदेव श्री ललितेश्वर महाराज, जो अपने गहन आध्यात्मिक ज्ञान, मधुर वाणी और जनमानस में अटूट आस्था के लिए विख्यात है। उन्होंने उपस्थित भक्तों को अमृतमय वाणी से संबोधित करते हुए कहा हनुमानजी का सच्चे मन से स्मरण करने वाला व्यक्ति बल, बुद्धि और अटूट भक्ति का अधिकारी बनता है। नियमित हनुमान चालीसा पाठ जीवन के सभी संकटों को दूर कर आत्मबल प्रदान करता है।महाराज की वाणी सुनकर श्रद्धालु आत्मिक शांति और उत्साह से परिपूर्ण हो उठे। धाम प्रबंधन ने सभी भक्तों को सुव्यवस्थित दर्शन और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था कराई। सांध्यकाल में भक्ति-रस से ओतप्रोत कीर्तन ने वातावरण को दिव्य बना दिया। सभी श्रद्धालु प्रभु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त करते रहे और रात्रि तक भक्ति में लीन रहे। इस पावन अवसर पर सुशील शर्मा, सुनील शर्मा, केशव, अवनीश यादव, चित्र गोपाल यादव, अशतोष, अमन यश चौधरी सहित अनेक भक्त उपस्थित रहकर गुरुदेव श्री ललितेश्वर महाराज के दर्शन और आशीर्वाद से कृतार्थ हुए।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

