25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, महिला मित्र और उसके परिवार पर हत्या का आरोप।
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। जनपद में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतक के परिजनों ने युवक की महिला मित्र और उसके परिवार पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
मामला उघेती थाना क्षेत्र के सोनिया खेड़ा गांव का है। गांव निवासी दीपक (25) पुत्र भीकम सिंह बिसौली में एक मोबाइल दुकान पर काम करता था। डेढ़ साल पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए एक विवाहित महिला से हुई थी। महिला दातागंज के डहरपुर गांव में रहती है और पति से उसका विवाद चल रहा है। इसी दौरान दीपक और महिला के बीच नजदीकी संबंध बन गए थे।
परिजनों का आरोप है कि 18 सितंबर की सुबह महिला ने दीपक को फोन कर अपने घर बुलाया। दीपक वहां चला गया। शाम करीब चार बजे दीपक ने अपनी बहन पूजा को फोन कर बताया कि महिला और उसके पिता ने उसे धोखे से खाने में जहर दे दिया है। इसके तुरंत बाद दीपक का मोबाइल बंद हो गया।
कुछ समय बाद महिला ने ही दीपक के परिजनों को फोन कर बताया कि दीपक की हालत बिगड़ गई है और उसे दातागंज के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवारजन अस्पताल पहुंचे और हालत गंभीर देख उसे मुरादाबाद ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही दीपक की मौत हो गई।
घर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

