सहसवान में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा को बनाया गया दिनभर के लिए प्रभारी निरीक्षक
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के अंतर्गत थाना सहसवान में आज एक अनोखी पहल की गई। जयपुरिया पब्लिक स्कूल की कक्षा 08 की छात्रा कु. रिद्धिमा माहेश्वरी को दिनभर के लिए प्रभारी निरीक्षक सहसवान बनाया गया।
इस अवसर पर छात्रा ने महिलाओं की जन-सुनवाई में भाग लिया और महिलाओं से जुड़े अपराधों की रोकथाम, समस्याओं के निस्तारण और थाना स्तर पर होने वाली कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने थाना कार्यालय के ऑनलाइन और हस्तलिखित रिकॉर्ड का अवलोकन किया।छात्रा को मिशन शक्ति अभियान के तहत चलाए जा रहे विभिन्न ऑपरेशनों के बारे में भी बताया गया, जिनमें ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन डेस्ट्राय, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन खोज, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन नशा मुक्ति, ऑपरेशन रक्षा और ऑपरेशन ईगल शामिल हैं। इस दौरान महिलाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कृषि कर भुगतान योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही, महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पावर लाइन-1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन-181, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, स्वास्थ्य सेवा-102/108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड लाइन-1098, साइबर क्राइम-1930, कोरोना हेल्पलाइन-1075 की जानकारी भी दी गई।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

