कब्रिस्तान की जमीन पर दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा अवैध कब्जे को लेकर मुस्लिमों में आक्रोश
मुकीम अहमद अंसारी
बिसौली,बदायूं। नगर में कब्रिस्तान की जमीन पर दूसरे समुदाय द्वारा अवैध कब्जे को लेकर मुस्लिम समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिला। समुदाय के लोगों ने भूमाफियाओं पर कब्रिस्तान की पवित्र भूमि पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में पुलिस की मिलीभगत से कब्जा कराया जा रहा है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कब्रिस्तान की जमीन से छेड़छाड़ को लेकर नाराज मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकजुट होकर बिसौली तहसील परिसर पहुंचे और विरोध किया। लोगों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई मुस्लिम समुदाय के लोगों का आरोप है कि कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि धार्मिक आस्थाओं पर सीधा हमला भी है। उन्होंने प्रशासन पर इस मामले में आंख मूंदकर बैठने और दबाव में काम करने का आरोप लगाया।मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

