मसौली में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, कार भी चपेट में

अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी

बाराबंकी- मसौली गोण्डा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मसौली पशु बाजार के पास शुक्रवार की देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से आ रहे दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार भी ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि कार में सवार सभी चार लोग सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाराबंकी की ओर से आ रहा ट्रक संख्या यूपी 32 एचएन 4550 और रामनगर की ओर से आ रहा ट्रक संख्या यूपी 51 एटी 6393 मसौली पशु बाजार के पास आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद बाराबंकी से रामनगर जा रही एक कार पीछे से ट्रक में घुस गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में ट्रक चालक तिलकराम पुत्र शंकर तथा खलासी महादेवराज पुत्र राम अचल, निवासी हीरापुर कमियार, कोतवाली करनैलगंज, जनपद गोण्डा आंशिक रूप से घायल हो गए। दोनों को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं दूसरे ट्रक का चालक सूरज पुत्र रिखाई यादव, निवासी जनपद संत कबीर नगर, थाना दुधवारा, नशे की हालत में पाया गया। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

Don`t copy text!