मकान का दरवाजा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक दंपति को लाडी डंडों से पीटा पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूँ। मकान का दरवाजा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक दंपति को लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा गया। यह घटना 25 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे ग्राम भमौरी में हुई। पीड़ित लाल सहाय प्रजापति ने गांव के चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
लाल सहाय प्रजापति ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने घर पर निर्माण कार्य करा रहे थे और मकान का दरवाजा लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के उदयवीर, चंद्रपाल (पुत्रगण दयाशंकर), लोकेश (पुत्र चंद्रपाल) और (पत्नी चंद्रपाल) लाठी-डंडे लेकर वहां आ गए।
आरोपियों ने दरवाजा लगाने का विरोध किया और गाली-गलौज करते हुए लाल सहाय के घर में घुस गए। उन्होंने लाल सहाय को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूसों व डंडों से बुरी तरह पीटा। जब लाल सहाय की पत्नी पार्वती ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पार्वती को भी लात-घूसों और डंडों से मारा।
चीख-पुकार सुनकर लाल सहाय की भाभी वीरवती (पत्नी रामाशंकर) और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दंपति को बचाया और आरोपियों को ललकारा। इसके बाद आरोपी लाल सहाय और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
लाल सहाय और उनकी पत्नी पार्वती के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों से उनके और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

