महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने और उसे प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान,बदायूं। एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने उसे और उसके बच्चों को पीटकर मायके छोड़ दिया और अवैध हथियार से धमकाया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता जो मूल रूप से बिल्सी थाना क्षेत्र के पिंडौल गांव की निवासी है और वर्तमान में सहसवान के कुरवानपुर में रहती है, ने बताया कि उसकी शादी नौ साल पहले फैसल से हुई थी। उसके पिता शमशेर ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब पाँच लाख रुपये खर्च कर शादी की थी और गृहस्थी का पूरा सामान दिया था। शादी के बाद उनके चार बच्चे हुए, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति फैसल ने लगभग ढाई से तीन साल पहले एक अन्य महिला से गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। फैसल ने यह बात अपनी पत्नी से छिपाए रखी। उसकी दूसरी पत्नी से उसकी एक बेटी भी है और वह अब दोबारा गर्भवती है।
पीड़िता को इस दूसरी शादी के बारे में करीब एक महीने पहले पता चला। जब उसने इस बात की शिकायत की, तो उसके पति ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। फैसल ने शावाना को घर में रखने से भी इनकार कर दिया।
इसी क्रम में, 28 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे, फैसल और उसके पिता वासीन ने मिलकर पीड़िता की बुरी तरह पिटाई की। इसके बाद, वे उसे बच्चों सहित जबरन उसके मायके छोड़ गए। जाते समय उन्होंने अवैध हथियार के बल पर धमकी भी दी कि अगर उसने कोई विरोध किया या कानूनी कार्रवाई की, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इस घटना को गांव के कई लोगों ने देखा।
पीड़िता ने अब इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में शिकायत की है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!