फार्मर रजिस्ट्री को आने वाले दिनों में कृषि से जुड़ी हर योजना का मुख्य आधार बनाने की तैयारी
मुकीम अहमद अंसारी
बिसौली,बदायूं। फार्मर रजिस्ट्री को आने वाले दिनों में कृषि से जुड़ी हर योजना का मुख्य आधार बनाने की तैयारी है। जिस किसान की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी है, वह किसी योजना का लाभ नहीं ले सकेगा। फिर चाहे बात खाद और बीज की बात हो या सम्मान निधि और छूट पर कृषि यंत्र लेने की।
किसानों के सरकारी डेटाबेस को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने वाली फार्मर रजिस्ट्री योजना अंतिम चरणों में है। फार्मर रजिस्ट्री न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी है, बल्कि यह भविष्य में कृषि ऋण और सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाएगी। तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री कराना प्रत्येक किसान के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के लिए प्रशासन कॉमन सर्विस सेंटरों की भी मदद ले रहा है। विजय कुमार शुक्ला ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वह अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर आधार कार्ड, खतौनी और बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपनी रजिस्ट्री तुरंत कराएं। यदि किसी किसान को पंजीकरण में समस्या आ रही है, तो वह तुरंत अपने हल्का लेखपाल या कानूनगो से संपर्क कर समाधान पा सकते हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

