सहसवान,बदायूं। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा है। इसमें सफाईकर्मियों को वेतन न मिलने से उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने और सात जुलाई तक समस्या का समाधान न होने पर आठ जुलाई से कामबंद हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
संघ के स्थानीय शाखाध्यक्ष अजय मुकर्जी और महामंत्री हरीश लाल की ओर से पालिका अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी की तैनाती न होने के कारण सफाई कर्मचारियों को पिछले करीब दो माह से वेतन नहीं मिल पाया है। वेतन रुकने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। पदाधिकारियों ने बताया कि 20 जून को इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी बदायूं को संबोधित ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से भेजा गया था लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला है। पत्र में कहा गया है कि यदि सात जुलाई तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आठ जुलाई से सभी सफाई कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल शुरू कर देंगे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

