बंद पड़ी 11 हजार वोल्ट लाइन में अचानक दौड़ा करंट, छत पर टहल रहे अधेड़ गंभीर रूप से झुलसा

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूँ: इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला पछायां नई बस्ती में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। परिजनों का आरोप है कि वर्षों से बंद पड़ी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट छोड़ दिया गया, जिसकी चपेट में आने से छत पर टहल रहे 50 वर्षीय रसीद गंभीर रूप से झुलस गए।

बताया गया कि रसीद अपने घर की छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल उपचार के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने संबंधित थाने में तहरीर देकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और सभी की नजर प्रशासन व बिजली विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!