बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: स्कूल का सपना अधूरा रह गया, सड़क पर बुझ गई इकलौते बेटे की जिंदगी
मुकीम अहमद अंसारी
बाराबंकी।मंगलवार की सुबह एक परिवार के लिए ऐसी मनहूस खबर लेकर आई, जिसकी टीस शायद कभी कम न हो सके। स्कूल की वर्दी पहनकर, हाथों में भविष्य के सपने लिए साइकिल से पढ़ने निकला 14 वर्षीय छात्र यश तिवारी कभी घर वापस नहीं लौट सका।
मालगोदाम रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने कक्षा 8 के छात्र यश को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल और फिर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यश परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी असमय मौत ने पूरे घर को गहरे मातम में डुबो दिया।
बताया गया कि यश अपने एक साथी छात्र के साथ किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज जा रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यश के निधन की खबर जैसे ही विद्यालय पहुंची, पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। सहपाठियों और शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। विद्यालय प्रशासन ने छात्र के सम्मान में आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया।
एक मासूम की जिंदगी यूं सड़क पर खत्म हो जाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। एक पल की लापरवाही ने माता-पिता की सारी उम्मीदें और एक बच्चे के सुनहरे भविष्य को हमेशा के लिए छीन लिया।

