बदायूं। एंटी करप्शन टीम बरेली ने भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए बुधवार को बिजली चोरी के मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले उपनिरीक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी थाना एंटी पावर थेफ्ट, उसावां रोड में तैनात उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह है। टीम ने उसे 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए डिवीजन द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय परिसर से दबोचा।
थाना अलापुर क्षेत्र के ग्राम नैथू निवासी हेमराज ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी। आरोप था कि बिजली चोरी के मुकदमे में कार्रवाई से बचाने और जेल न भेजने के एवज में उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह 6 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत के सत्यापन के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने योजना बनाई। बुधवार दोपहर को जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन का कहना है कि रिश्वतखोरी पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

