दहगवां पहुंचे अखिलेश यादव, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि; भाजपा सरकार पर साधा निशाना
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को बदायूं जिले के दहगवां स्थित राव फार्म हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, नाम परिवर्तन, गंगा एक्सप्रेसवे, इथेनॉल नीति समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने का फैसला जनता करेगी।
उनके दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

