खूनी संघर्ष में घायल 75 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत, गिरफ्तारी की मांग पर अंतिम संस्कार से किया इनकार, सी ओ के आश्वासन पर माने परिजन

मुकीम अहमद अंसारी

बाराबंकी। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम मैगलपुर में 14 जुलाई 2026 को रावत परिवार के दो पक्षों के बीच हुए खूनी विवाद में गंभीर रूप से घायल 75 वर्षीय कृष्णावती पत्नी स्वर्गीय जालिपा प्रसाद की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ सिटी संगम कुमार प्रजापति भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए और मृतका का दाह संस्कार कराया गया।

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को हुए विवाद में कृष्णावती के साथ उनके दोनों नाती मनोज कुमार (40 वर्ष) और अनुज कुमार (32 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। परिजनों ने बताया कि कृष्णावती का कोई पुत्र नहीं था और दोनों नाती ही उनके साथ रहकर उनकी देखभाल करते थे।

थाना प्रभारी राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में पहले ही नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मृतका पूर्व से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार मुकदमे में विधिक धाराएं बढ़ाई जाएंगी और दोषियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है तथा पूरे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Don`t copy text!