सहसवान में अतिक्रमण पर चला कोतवाल का हंटर, बाजार को जाम से मिली निजात

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। सहसवान नगर को जाम मुक्त कराने के लिए तेज-तर्रार थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। बृहस्पतिवार को उन्होंने पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया।

 

अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने खुद पैदल भ्रमण कर बाजार का जायजा लिया। दुकानों के बाहर सामान लगाकर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों और बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा खड़ा कर जाम लगाने वाले चालकों को कड़ी हिदायत दी।

 

थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बाजार की सड़कें जनता के लिए हैं, अतिक्रमण के लिए नहीं। दुकानों के आगे माल लगाना और बाइकें खड़ी कर घंटों जाम लगाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”

 

उनके इस कड़े रुख को देखकर कई व्यापारियों ने तुरंत अपना सामान दुकानों के अंदर कर लिया और ई-रिक्शा चालकों ने भी व्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े किए।

 

थाना प्रभारी की इस सक्रियता की बाजार के व्यापारियों और आम जनता ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि नरेश पाल सिंह के आने के बाद से कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है और बाजार में जाम की समस्या से काफी राहत मिली है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!