मैच खेलने जा रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में घेरकर चाकू से किया हमला, वारदात के बाद आरोपी फरार
मुकीम अहमद अंसारी
गंभीर हालत में युवक को जिला चिकित्सालय किया गया रेफर, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र के मोहल्ला शहबाजपुर में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया,जब मैच खेलने जा रहे एक युवक को कुछ लोगों ने कथित तौर पर रास्ते में घेर लिया और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शहबाजपुर निवासी अरफात पुत्र मुन्ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे रवन्ना चौकी के पास मैच खेलने के लिए जा रहा था।आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों और अरफात के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी।
आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने अरफात के साथ मारपीट करते हुए उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल अरफात को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सहसवान पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना को लेकर घायल पक्ष की ओर से आरोपी हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर थाना कोतवाली में दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटना के कारणों तथा हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी: चाकूबाजी की घटना के बाद मोहल्ले में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

