संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत परिजनो ने लगाया दहेज हत्या का आरौप

मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्यूज24टाइम्स

बाराबंकी। थाना क्षेत्र के थलवारा गांव में बीती रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची मुकामी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है, बेटी की मौत के बाद गांव पहुंचे पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर मृतका के पति ससुर व सास सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है । तहरीर के मुताबिक जनपद रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के झामखेर मजरे अटरा गांव निवासी रामेश्वर मोर्या की 23 वर्षीय पुत्री की लक्ष्मी की शादी सुबेहा थाना क्षेत्र के उक्त गांव निवासी राम लखन मोर्या के पुत्र चंद्रगुप्त मोर्या के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी, लड़की के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराली जनों द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल व सोने की जंजीर ना देने के कारण उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। गत 7 जुलाई को दमाद चंद्रगुप्त ने फोन करके उनसे कहा कि अपनी लड़की को घर ले जाओं और दहेज का सामान वापस ले जाओ। उसने अगले दिन सुबह घर आकर समझाने की बात कही तो उन्होंने गाली गलौज करते हुए बेटी को जान से मारने धमकी दी। पिता का आरोप है कि उसके बाद पुत्री के ससुर राम लखन व पति चंद्रगुप्त एवं देवर योगेंद्र मौर्य, राम अवध, विक्रमादित्य, इंद्रसेन, इंद्रजीत तथा राम लखन की पत्नी सास आदि लोगों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से पुत्री के साथ मारपीट की एवं गले में रस्सी का फंदा डालकर जान से मार दिया। उन्होंने तहरीर में आगे बताया कि मेरे पुत्र ने ससुरालीजनों के पास फोन किया तो उन लोगों ने कहा तुम्हारी पुत्री की मौत हो गई है। इसके बाद रात को ही मायके वाले गांव पहुंचे तो देखा उसकी पुत्री की लाश पड़ी थी। इसके बाद लड़की के पिता ने डॉयल 112 पुलिस के अलावा मुकामी पुलिस को भी इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी गंगेश कुमार शुक्ल का कहना है पिता की तहरीर पर ससुराली जनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की जायेगी पुलिस मामले की जाँच पड़ताल में जुटी है।

मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्यूज24टाइम्स

Don`t copy text!