युवती के अपहरण की घटना का चौबीस घंटे में खुलासा आरोपी युवक गिरफ्तार, अपह्रता सकुशल बरामद
शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स
एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में थाना मारहरा पुलिस द्वारा थाना मारहरा पर पंजीकृत अपहरण की घटना में फरार आरोपी को चौबीस घंटे में गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। ब्रह्मानंद निवासी भुरगवां थाना मारहरा द्वारा 3 अक्टूबर को थाना मारहरा पर सूचना दी गई कि 2 अक्टूबर को मनोज पुत्र करण सिंह एवं दिनेश पुत्र सुरेश निवासी भुरगवां थाना मारहरा उसकी पुत्री उम्र करीब 16 वर्ष को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गए हैं। इस सूचना पर थाना मारहरा पर पुलिस ने तत्काल मामला पंजीकृत कर लिया जिससे बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त घटना में फरार चल रहे अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं अपह्रता की सकुशल बरामदगी हेतु थानाध्यक्ष मारहरा जितेंद्र सिंह भदौरिया को निर्देशित किया गया। थाना मारहरा पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर उक्त घटना में फरार चल रहे अभियुक्त मनोज को पिवारी रोड़ से गिरफ्तार करने के साथ ही मौके से अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। अपहृता के बयानों के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में धारा 376 भादंवि व 3/4 पोक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी कर थानास्तर से आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।

