उन्नाव लूट की घटना का पर्दाफाश करने में पुलिस विफल

नवाबंगज:अजगैन कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पहले दो स्थानों पर चाकू से हमलाकर हुई लूट मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस भट्ठे के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इससे लूट की घटना का राजफाश किया जा सके।

कोतवाली क्षेत्र के गांव अजगैन में केवाना गांव निवासी श्रीनिवास पुत्र शिवराम साहू को दो बाइकों पर सवार लुटेरों ने रोककर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद उससे एक मोबाइल और नकदी लूटी थी। वहीं दूसरी घटना में एक शीतल पेय कंपनी के पास युवक अरुण पर चाकुओं से हमला कर मोबाइल व नकदी लूटी थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। अब पुलिस हाइवे में कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का सहारा ले रही है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने लूट की घटनाओं का जल्द राजफाश करने की बात कही है।

Don`t copy text!