बिहार- विपक्षियों पर पीएम मोदी का पलटवार, बोले- एमएसपी तो बहाना है, असल में दलालों को बचाना है
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
सीएम नीतीश के साथ पहली चुनावी जनसभा को मोदी ने किया संबोधित
सासाराम। बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का के चुनाव प्रचार का आज से आगाज हो गया है। सासाराम में पीएम मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार की साझा पहली चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा और विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही बिहार के लोगों ने अपना संदेश दे दिया है, सभी सर्वेक्षण दर्शाते हैं कि राज्य में एनडीए की सरकार बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि साथियों हाल ही में बिहार ने अपने दो सपूतों को खोया है, जिन्होंने यहां के लोगों की दशकों तक सेवा की है। मेरे करीबी मित्र और गरीबों, दलितों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले और आखिरी समय तक मेरे साथ रहने वाले रामविलास पासवान जी को मैं श्रद्धाजंलि अर्पित करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि बाबू रघुवंश प्रसाद सिंह जी ने भी गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर काम किया। वो भी अब हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं बिहार के लोगों को इतनी बड़ी आपदा का डटकर मुकाबला करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। कोरोना से बचने के लिए तेजी से जो फैसले लिए गए हैं, जिस तरह बिहार के लोगों ने काम किया, नीतीश जी के लोगों ने, एनडीए सरकार ने काम किया उसके नतीजे आज दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े अमीर देशों की हालत किसी से छिपी नहीं है। अगर बिहार में तेजी से काम न हुआ होता तो ये महामारी न जाने कितने साथियों की, हमारे परिवारजनों की जान ले लेती, कितना बड़ा हाहाकार मचता, इसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद जितने समय बिहार को डबल इंजन की ताकत मिली, राज्य के विकास के लिए और ज्यादा काम हुआ है। राज्य को जो प्रधानमंत्री पैकेज मिला था, उसपर काम की रफ्तार भी तेज गति से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश जहां संकट का समाधान करते हुए आगे बढ़ रहा है, ये लोग देश के हर संकल्प के सामने रोड़ा बनकर खड़े हैं। देश ने किसानों को बिचौलियों और दलालों से मुक्ति दिलाने का फैसला लिया तो ये बिचौलियों और दलालों के पक्ष में खुलकर मैदान में हैं।
Related Posts

