नई दिल्ली देश में कोरोनावायरस की स्थिति में कुछ सुधार देखा जा रहा है. देश में कोरोना संक्रमितों की कुल तादाद 78 लाख के पार हो गई है. हालांकि, हाल के दिनों में नए मामलों में कमी के साथ वायरस से ठीक होने लोगों की संख्या बढ़ी है. इससे एक्टिव मामलों की संख्या में कमी आई है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, COVID-19 के अब तक कुल 78,14,682 मामले आए हैं. पिछले 24 घंटे यानी एक दिन में 53,370 मामले दर्ज किए गए हैं. वहीं, इस दौरान 650 लोगों की वायरस की वजह से मौत हुई है.
हालांकि, राहत की बात यह है कि देश में कोरोना को मात देने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ठीक होने वालों की संख्या 70 लाख के पार हो गई है. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 67,549 मरीज़ ठीक हुए हैं. रोजाना आने वाले नए केस की तुलना में यह आंकड़ा काफी अधिक है.

