युवक की गला रेत कर हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा
अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स) 9936900677
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के कमरियाबाग इलाके में युवक की गला रेत कर हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या की वजह एकतरफा इश्क निकला। जिस युवती पर वो डोरे डाल रहा था उसी ने अपने प्रेमी की मदद से हत्या करा दी। दोनों गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
बता दें कि शुक्रवार की सुबह शहर कोतवाली के मोहल्ला कमरिया बाग में पीरबटावन निवासी भरत वर्मा की लाश मिली थी। पुलिस ने गायब मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली और जांच शुरू की तो सारे राज सामने आ गए। मोबाइल पर हुई बातचीत के आधार पर पुलिस ने शहर के ही मोहल्ला लखपेड़ाबाग निवासी गंगा चरण के बेटे शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में एडिशनल एसपी ने बताया कि शिवम शुक्ला का प्रेम संबंध संतोषी माता मंदिर नई बस्ती पीरबटावन निवासी शादीशुदा इशिका कश्यप उर्फ नैंसी से था। इसी दौरान भरत वर्मा ने भी इशिका की तरफ कदम बढ़ा दिए। इशिका ने हालांकि कह दिया कि वह भरत से प्यार नहीं करती है लेकिन भरत मानने को तैयार नहीं था।
इन हालातों में इशिका ने भरत के परिजनों को सारी बात बताते हुए उसकी शिकायत की। पुलिस द्वारा बताई गई बात पर विश्वास करें तो यह बात शिवम को भी काफी खराब लगी। आखिरकार इशिका और शिवम ने भरत को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। गुरुवार की रात शिवम ने बहाने से उसे बुलाया और उससे पहले बात करने लगा।
देखते ही देखते दोनों में विवाद शुरू हो गया और बहस में शिवम ने लोहे के चापड़ से वार करने शुरू कर दिए। भरत वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद शिवम की लाश को नाले के बगल छोड़कर वह फरार हो गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि इशिका की शादी फतेहपुर के आजाद पुरवा निवासी सुमित कश्यप से हुई थी मगर वह पति से अलग होकर मामा के घर रह रही थी। पुलिस ने शिवम उसकी प्रेमिका इशिका को गिरफ्तार कर लिया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स) 9936900677

