जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स .

बहराइच 27 अक्टूबर। मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक में नेहरू युवा केन्द्र के गत वर्ष के प्रगति एंव कार्यक्रमों, वर्तमान वर्ष 2020-21 की वार्षिक कार्ययोजना के क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय तथा कोरोना काल में नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवकों व युवाओं द्वारा किये जा रहे कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

बैठक के दौरान नेहरू युवा केन्द्र की समन्वयक अनन्या सिंह ने वर्ष 2020-21 की वार्षिक कार्य योजना का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि आत्म निर्भर भारत अभियान अन्तर्गत संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक करना, सुविधा प्रदान करना एवं लाभ प्राप्त करने के लिए औपचारिकताओं को पूरा कराने में लाभार्थियों को सहयोग प्रदान करना, युवाओं का उन्मुखीकरण, व्यक्तिगत सम्पर्क, कार्यक्रम और सुविधा अभियान, प्रारम्भिक व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास प्रशिक्षण डिजिटल सुविधा प्रदान किये जाने हेतु बैंक मित्रों का कैडर निर्माण, कैरियर मार्गदर्शन, परामर्श एवं मेला आयोजन, कोविड-19 सम्बंधी जागरूकता अभियान और पोस्ट लाॅक डाउन इण्टरवेंशन, आपदा संकट न्यूनीकरण हेतु कुशल टीमों की स्थापना, युवा नेतृत्व हेतु फिट इण्डिया आन्दोलन, क्लीन बिलेज-ग्रीन बिलेज व जन जागरण अभियान पर युवाओं का प्रशिक्षण, युवा मण्डल विकास कार्यक्रम, अन्तर्राष्ट्रीय दिवस/सप्ताह कार्यक्रम, जिला युवा सम्मेलन, महात्मागांधी स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम, जनपद स्तरीय उत्कृष्ट युवा मण्डल पुरस्कार तथा देशभक्त व राष्ट्र निर्माण विषय पर जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के आयोजन को वार्षिक कार्य योजना में शामिल किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है आवश्यकता है कि ऐसे युवाओं को मोटीवेट कर अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाय। जिससे वे भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समाज व देश के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। इस कार्य में नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा बाल-विवाह रोकने की दिशा में भी जन जागरूकता के लिए नेहरू युवा केन्द्र के वालेंटियर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजनान्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान विकसित कर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के खेल प्रतिभा को निखारा जा सकता है। मुख्य विकास अधिकारी ने सुझाव दिया कि नेहरू युवा केन्द्र के स्वंय सेवक महिला स्वयं सहायता समूहों से समन्वय कर अपने उत्पाद के लिए बाजार की व्यवस्था कर सकते है। इसके साथ ही अन्तर्विभागीय समन्वय कर जन जागरूकता कार्यक्रमों के लिए नेहरू युवा केन्द्र का भी सहयोग लिया जा सकता है।

बैठक में प्रशिक्षक आदर्श मिश्रा ने नेहरू युवा केन्द्र के उद्देश्यों एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जबकि स्वयं सेवकों द्वारा अपने अनुभव साझा किये गये। इस अवसर पर सीएमओ डा. राजेश मोहन श्रीवास्तव, पीडीडीआरडीए अनिल कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.पी. सिंह, जिला क्रीडाधिकारी ए.आर. अंसारी, नेहरू युवा केन्द्र के लेखाकार इन्द्रसेन चैधरी, प्रशिक्षक गौतम वर्मा, दिवाकर श्रीवास्तव, विकासखण्डों के स्वयं सेवक व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

Don`t copy text!