डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रेषित करें पेंशनर्स: कोषाधिकारी

शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स .

बहराइच 27 अक्टूबर। वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि कोषागारों से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों को अपना जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने हेतु कोषागार पर उपस्थित होने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। इस सम्बन्ध में दी गयी व्यवस्था के तहत पेंशनर्स अपना जीवित प्रमाण’पत्र वेबसाइट जीवनप्रमाण डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से जीवित प्रमाण पत्र एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुए जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट करने की उक्त सुविधा अभी तक जन सुविधा केन्द्रों एवं साइबर कैफे पर उपलब्ध है।
श्री प्रजापति ने बताया कि इस सम्बन्ध में पेंशनर्स संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में अधीक्षक, डाकघर बहराइच के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया है कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट कराये जाने की सुविधा निकटतम पोस्ट आॅफिस पर भी सुबह 09ः00 बजे से मध्यान्ह 12ः00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। पेंशनर अपना बैंक पासबुक, आधार नम्बर एवं पी.पी.ओ. संख्या अथवा कोषागार से प्राप्त इण्डेक्स नम्बर के साथ अपने निकटतम पोस्ट आॅफिस पर उपस्थित होकर अपना जीवित प्रमाण-पत्र आॅनलाइन जमा कर सकते हैं। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए अपील की है कि पेंशनर अपना जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने हेतु कोषागार आने से बचे एवं अधिक से अधिक डिजिटल सुविधा का उपयोग करें।

Don`t copy text!