मसौली बाराबंकी। बदोसरंाय इलाके में तंत्रमंत्र के लिए नरबलि का सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां धन प्राप्ति की लालसा में ढोंगी बाबा के चंगुल में फंसे व्यक्ति ने ढोंगी बाबा और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिल कर अपनी ही पुत्री की बलि चढा कर उसकी लाश को दफन कर दिया। घटना की जानकारी होने पर मृतका की नानी ने पुलिस को तहरीर सौपते हुए अपने दामाद और ढोंगी बाबा समेत बलि की घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के प्रकाश में आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बदोसराय पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में मृतका अनम की नानी शैदा पत्नी जहरुल हक निवासी वाजिदपुर थाना पटरंगा ने कहा है कि उसने अपनी पुत्री की शादी आलम पुत्र शाहिद निवासी खुर्द मऊ के साथ करीब 15 वर्ष पूर्व किया था। 4 नवंबर की रात गांव के बाहर हनीफ पुत्र फारूक के खेत में झोपड़ी डाल कर रह रहा एक तथाकथित ढोंगी बाबा उसके दामाद आलम के यहां आया उसने बताया कि तुम्हारे यहां दौलत है तुम अपनी प्रथम पुत्री की बलि चढ़ा दो तो वह दौलत तुम्हें मिल जाएगी। जिसके बाद मेरे दामाद ने ढोंगी बाबा और हनीफ नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर तंत्र मंत्र के नाम पर मेरी नातिन अनम को पीट पीट कर उसकी बलि चढ़ा दी और फिर तीनो ने मिलकर उसकी लाश को दफन कर दिया।
मौके पर पहुंची डाॅयल 112 पुलिस ने नही की कार्रवाई
मृतका अनम की नानी शैदा ने अपनी तहरीर ने इस बात का भी जिक्र किया है कि घटना के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर आयी लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नही की गयी है।
बदोसरांय कोतवाल ने नही उठाया सीयूजी नम्बर
घटना के सम्बंध में जानकारी के लिए बदोसराय कोतवाल के सीयूजी नम्बर पर फोन लगाया गया लेकिन कई बार घंटी जाने के बावजूद उनके द्वारा फोन रिसीव नही किये जाने से खबर लिखे जाने तक ये पुष्टि नही हो सकी की शैदा द्वारा दी गयी तहरीर पर पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की गयी है।

