भेलसर(अयोध्या)मवई थाना क्षेत्र के संडवा गांव में मंगलवार को घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लुंगी के सहारे एक महिला का शव लटका मिला।मायके वालों ने हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच की।
रूदौली सर्किल के मवई थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़िया गांव निवासी राजकरन यादव ने अपनी बेटी गीता यादव की शादी करीब 18 साल पहले संडवा गांव के वेद प्रकाश के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों में अनबन हो गयी। इसके चलते करीब 15 साल तक गीता मायके में ही रही।इस बीच साल भर पहले सामाजिक सुलह समझौते के बाद गीता फिर ससुराल आई।इसके बावजूद दोनों में खटपट लगी रही।मंगलवार की दोपहर करीब 12 बज वह घर के कमरे में फांसी के सहारे लटके मिली।मायके वालों को ग्राम प्रधान ने फोन पर घटना की सूचना दी।मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की पति व उनके मौसेरे भाई और मौसी ने हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका दिया।उधर पुलिस ने शव को तब तक फंदे से नीचे नहीं उतारा जब तक फोरेंसिक टीम नहीं पहुंची।आरोपी पति का कहना है कि वह घटना के समय नेवरा कस्बे में सामान खरीदने गया हुआ था।
सीओ डॉ. धर्मेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, पति को हिरासत में लिया गया है।जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

