लोकतंत्र को रौंदने में लगी है डबल इंजन की सरकार: अखिलेश

संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्युज24 टाइम्स

 पार्टी को बूथस्तर तक मजबूती देकर ही हम झूठ, फरेब और धांधली की राजनीति का मुकाबला कर सकेंगे

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लोकतंत्र को रौंदने में लगी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार न सिर्फ लोकतंत्र को रौंदने में लगी है बल्कि मतदान में धांधली से मतदाता के अधिकार पर चोट पहुंचती है और इससे लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट होती है। हमें इन स्थितियों के प्रति सावधान रहना है। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में समर्थन देने वाले मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम और निष्ठा से काम करने, समाजवादी सरकार के कामों एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने के लिए सक्रिय होने का आहवान किया है। उन्‍होंने कहा ‎कि पार्टी को बूथस्तर तक मजबूती देकर ही हम झूठ, फरेब और धांधली की राजनीति का मुकाबला कर सकेंगे। हमारा एजेंडा प्रदेश के सर्वतोमुखी विकास का है और इसके लिए सन् 2022 में समाजवादी सरकार बनाना आवश्यक है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा के कामकाज से निराशा और उसकी नीतियों से देश में अविश्वास व्याप्त हुआ है। समाज में परस्पर विद्वेष को बढ़ावा दिया गया है। संविधान की शपथ के विरूद्ध भाजपा सरकार रागद्वेष की भावना से काम करती है। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी की नीतियां जनहित और सर्वतोमुखी विकास पर बल देती है। गौरतलब है ‎कि इससे पहले मंगलवार को उपचुनावों का परिणाम आने के बाद अखिलेश यादव ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार का असली चेहरा अब सामने आ रहा है। भाजपा राज में अपराध और अपराधियों की संख्या बढ़ी है। सत्ता का संरक्षण प्राप्त होने से वे बेखौफ हैं.। लोगों, गरीबों, किसानों, नौजवानों की परेशानियां बढ़ी है। भाजपा अपनी अहंकारी एकाधिकारवादी राजनीति से देश में लोकतंत्र को भी कमजोर करने में लगी है। भाजपा चुनाव जीतने का षड्यंत्र करती रहती है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अभियान छेड़ेगी।

संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्युज24 टाइम्स

Don`t copy text!